आसनसोल. आसनसोल के तृणमूल सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने गुरुवार को रानीगंज में धंस और भूमिगत आग से प्रभावित क्षेत्रों से लोगों के पुनर्वास के लिये कोयला भंडार वाले क्षेत्रों को चिह्नित करने तथा प्रदूषण व इससे जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड(इसीएल ) के चेयरमैन-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) सतीश चंद्र झा से मुलाकात किये, बैठक के दरम्यान सांसद शत्रुध्न सिन्हा ने रानीगंज कोयलांचल के बड़े भू-भाग में घर बनाने पर निगम व एडीडीए की रोक को लेकर संशय व असमंजस होने की बात कही, संशय को दूर करने के लिए सीएमडी से पहल करने की भी अपील की | साथ ही कोयला खदानों के ईर्द गिर्द वाशिंदों की सुरक्षा और पुनर्वास की जरूरत पर भी सांसद शत्रुध्न सिन्हा ने जोर दिया, कहा कि बार-बार होनेवाली धंस की घटनाओं और भूमिगत आग से स्थानीय लोगों पर जान का खतरा बना रहता है | इस दिशा में तत्काल उचित कदम उठाने की जरूरत है | श्री शत्रुध्न सिन्हा ने कोयला भंडारवाले क्षेत्रों को चिह्नित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का भी अनुरोध किया, ताकि प्रभावित लोगों को वहां से हटा कर सुरक्षित स्थानों पर बसाया जा सके | उन्होंने आगे कहा कि रानीगंज में बड़े हिस्से में निर्माण पर रोक के कारण लाखों लोग असमंजस या दुविधा की स्थिति में है | इसे लेकर इसीएल स्पष्ट निर्धारण करे कि किस क्षेत्र में प्रतिबंध लगाये जाये और किस क्षेत्र में प्रतिबंध नहीं | सांसद के मुताबिक वह इस मामले को केंद्र व राज्य सरकार के समक्ष भी उठायेंगे, ताकि प्रभावित लोगों को जल्द राहत मिल सके | इसीएल के सीएमडी सतीश चंद्र झा ने आश्वस्त किया कि कंपनी इन मुद्दों को प्राथमिकता दे रही है | यह मुलाकात रानीगंज में वर्षों में कोयला खदान हादसों और अवैध खनन से जुडे मसलों को मद्देनजर अहम मानी जा रही है | इस दौरान पार्षद अशोक रुद्र, सांसद के निजी सहायक संजय राय भी मौजूद रहे |
